
व्लादिमीर पुतिन भारत से रवाना।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा पूरा हो गया है। शुक्रवार की रात व्लादिमीर पुतिन भारत से रवाना हो गए हैं। इससे पहले भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन किया। आपको बता दें कि व्लादिमीर पुतिन दो दिनों की भारत यात्रा पर आए थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद प्रोटोकॉल को तोड़कर पुतिन को रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। पुतिन ने इसके लिए पीएम मोदी का आभार भी जताया था। अब व्लादिमीर पुतिन भारत की अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा समाप्त करने के बाद दिल्ली से रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक, भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने पुतिन को एयरपोर्ट पर विदा किया है।
राष्ट्रपति भवन में भोज आयोजित
पुतिन के स्वदेश रवाना होने से पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके सम्मान में स्टेट डिनर दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया। इस भोज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कांग्रेस सांसद शशि थरूर समेत कई अन्य नेता और रूस के डेलीगेशन के प्रमुख सदस्य शामिल हुए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- “आज का दिन हमारे लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि हम भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। भारत-रूस की साझेदारी शांति, स्थिरता और पारस्परिक सामाजिक-आर्थिक और तकनीकी प्रगति के लिए साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। वर्ष 2025 हमारे बहुमुखी संबंधों के लिए एक बेहद सफल वर्ष रहा है। 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन का संयुक्त बयान हमारे विशेष संबंध को व्यक्त करता है और हमारे द्विपक्षीय जुड़ाव को गहरा करने के लिए एक व्यापक रोडमैप पेश करता है।”
भारत और रूस के बीच 21 एग्रीमेंट
पुतिन के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच एनर्जी, मोबिलिटी, शिपिंग, फूड, फर्टिलाइजर, कॉमर्स, मीडिया और टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़े 21 एग्रीमेंट हुए हैं। भारत और रूस ने अगले पांच साल में आपसी व्यापार को 70 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 100 बिलियन डॉलर पहुंचाने का टारगेट रखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रेसिडेंट पुतिन की जमकर तारीफ की। कहा कि पिछले 25 साल से पुतिन, भारत के साथ रूस की दोस्ती को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। इसके काफी अच्छे नतीजे देखने को मिले हैं।
पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ
व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की है। पुतिन ने कहा कि जिस तरह कल भारत आने पर मोदी उन्हें रिसीव करने खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उनके दौरे को जितना महत्व दिया उसके लिए वो तह-ए-दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। पुतिन ने कहा कि मोदी उनके पक्के दोस्त हैं और दोनों दुनिया के तमाम मसलों पर अक्सर फोन पर लंबी बातचीत करते रहते हैं। इस दोस्ती की वजह से ही वो भारत से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर निजी रूप से भी नजर बनाए रखते हैं।
ये भी पढ़ें- मुफ्त ई-टूरिस्ट वीजा, हेल्थ, फर्टिलाइजर और एजुकेशन पर रूस-भारत में हुए 16 बड़े समझौते, देखें पूरी लिस्ट
न खरगे न राहुल गांधी, पुतिन के साथ भोज के लिए सिर्फ इस कांग्रेस नेता को मिला न्योता





