नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक नगला हुकुम सिंह गांव में बुधवार को अवैध रूप से बन रही एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे के वक्त उसमें करीब दस मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से पांच घायलों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक की दबकर मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब तीसरी मंजिल की लेंटर की शटरिंग खोली जा रही थी। सूचना के बाद मौके पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने मजदूरों को बाहर निकाला। बाकी मजदूरों की तलाश की जा रही है। देर रात तक एनडीआरएफ की दो टीम बचाव कार्य में लगीं थीं।
रबूपुरा के नगला हुकुम सिंह गांव में महावीर सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह अपने खेत में तीन मंजिला मकान बनवा रहे थे। बुधवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे तीसरी मंजिल पर डाले गए लेंटर की शटरिंग खोलते समय लेंटर गिरा तो तीनों मंजिलें एक के ऊपर एक करती हुईं भरभराकर ढह गईं। बिल्डिंग के मलबे में वहां काम कर रहे लगभग दस मजदूर दब गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और मजदूरों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन मलबा अधिक होने से वह रेस्क्यू न कर सके। सूचना के बाद रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। मौके पर एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट कुबेर शर्मा, एसडीएम जेवर अभय कुमार, एडीसीपी सुधीर सिंह, एसीपी सार्थक सेंगर, रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय व अन्य थाना प्रभारी मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे।





